Dhanbad News:- झारखंड के धनबाद जिले के अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में संचालित अंबे आउटसोर्सिंग खदान में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। खदान में अचानक हुए भू-स्खलन के कारण एक सर्विस वैन सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें शनिवार तक सभी मजदूरों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं। शुक्रवार को हादसे के तुरंत बाद बीसीसीएल की माइंस रेस्क्यू टीम ने तीन शवों को खदान से बाहर निकाला था। इसके बाद शनिवार को एनडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हुई और कड़ी मशक्कत के बाद तीन और शव बाहर लाए गए। इस प्रकार सभी छह मजदूरों के शव बरामद हो गए।
एनडीआरएफ के कमांडर कौशल कुमार ने बताया कि माइनिंग क्षेत्र होने की वजह से बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था। ऑपरेशन के दौरान भी हल्की स्लाइडिंग होती रही, लेकिन बीसीसीएल की माइंस रेस्क्यू टीम और एनडीआरएफ ने साहस और धैर्य के साथ अभियान को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि बीसीसीएल के एरिया 4 में अंबे आउटसोर्सिंग के तहत यह खदान संचालित हो रही थी। हादसे के समय वैन में छह मजदूर सवार थे, जिन्हें बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन सभी की मौत हो गई।
इस बीच गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी के प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने बीसीसीएल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा गलत ढंग से माइनिंग की जा रही थी, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और परिवारों को सहायता देने की मांग की।
इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोग और श्रमिक संगठन भी खनन कंपनियों से सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की मांग कर रहे हैं।

