जमुई।
अज्ञात अपराधियों ने चंद्रदीप थाना क्षेत्र के नोनी गांव में मंगलवार को पूर्व मुखिया निरंजन सिंह को गोली मारकर हत्या कर दी। पूर्व मुखिया हर दिन की तरह सुबह मार्निग वॉक में निकले थे। वहीं पूर्व से घात लगाकर छिपे अपराधियो ने हमला बोलकर फरार हो गए। इससे इलाके में तनाव व्याप्त है। पुलिस जांच में जुटी है। मिली जानकारी अनुसार पूर्व मुखिया की हत्या में 8-10 अपराधी शामिल थे। वे पूर्व मुखिया के इंतजार में घात लगाकर छिपे थे। जैसे ही पूर्व मुखिया घर से निकले तो अपराधियो ने उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर गोली मार दी, जिससे उनकी मौत मौके पर हो गई। फिर हत्या की घटना को अंजाम देकर सभी अपराधी 15-16 राउंड हवाई फायरिंग करते हुए पूरब दिशा की ओर भाग निकले। इलाके में हत्या की घटना को वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा बताया जा रहा है। मृतक के परिजनो के मुताबिक गांव के ही शंभू सिंह से पुराना विवाद चल रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष विजय कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया। सदर एसडीपीओ डा. राकेश कुमार ने कहा कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।