New Delhi:- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बड़े राजनीतिक विवाद को हवा दी है। उन्होंने दावा किया कि गुजरात की कई अनाम राजनीतिक पार्टियों को कुल मिलाकर 4300 करोड़ रुपये का चंदा मिला है। राहुल गांधी ने इस मामले पर चुनाव आयोग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए और इसकी तत्काल जांच की मांग की।
राहुल ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक खबर शेयर करते हुए लिखा,
“गुजरात में कुछ ऐसी पार्टियां हैं जिनका नाम शायद ही किसी ने सुना हो, लेकिन उन्हें 4300 करोड़ रुपये का चंदा मिला है। इन पार्टियों ने या तो बहुत कम बार चुनाव लड़ा है या फिर चुनावी प्रक्रिया में कोई उल्लेखनीय खर्च नहीं किया है।”
उन्होंने आगे पूछा, “इतनी बड़ी रकम आई कहां से? इन पार्टियों को चला कौन रहा है? यह पैसा गया कहां? क्या चुनाव आयोग जांच करेगा या सिर्फ एफिडेविट मांगेगा? या फिर कानून ही बदल दिया जाएगा ताकि डेटा छिपाया जा सके?”
राहुल का यह बयान तब आया है जब हाल ही में आई रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गुजरात की कई छोटे पैमाने की या लगभग निष्क्रिय राजनीतिक पार्टियों ने करोड़ों का चंदा प्राप्त किया है। इन पार्टियों का चुनावी रिकॉर्ड बेहद कमजोर रहा है, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि आखिर 4300 करोड़ रुपये का स्रोत कौन है।
चुनाव आयोग की तरफ से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि यह मामला लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है और इस पर पारदर्शी जांच जरूरी है।

