Garhwa News: जिले के चर्चित शिक्षक दीपक कुजूर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और सुनियोजित साजिश का मामला उजागर किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मेदिनीनगर निवासी चश्मा कारोबारी मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान और उसके सहयोगी मफूज अंसारी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पुरानी प्रेमिका को दोबारा अपने साथ रखना चाहता था और इसी मकसद से उसने उसके शिक्षक पति की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, मृतक दीपक कुजूर मूल रूप से सिमडेगा जिले के निवासी थे और पेशे से शिक्षक थे। 19 जुलाई को वह अपनी सास को गढ़वा जिले के बरवा स्थित मायके छोड़कर बाइक से सिमडेगा लौट रहे थे। इसी दौरान सालो जंगल के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई और गोली मारने के बाद धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की तह तक पहुंची। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी शादी से पहले मेदिनीनगर स्थित एक चश्मे की दुकान में काम करती थी। वहीं उसकी पहचान दुकान संचालक मतिन अख्तर उर्फ मुन्ना खान से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में दिसंबर 2025 में महिला की शादी दीपक कुजूर से हो गई और वह अपने पति के साथ सिमडेगा रहने लगी। कुछ समय पहले उसने एक बेटी को भी जन्म दिया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मतिन अख्तर अपनी पुरानी प्रेमिका को उसकी बेटी के साथ दोबारा मेदिनीनगर लाकर अपने साथ रखना चाहता था। महिला द्वारा इससे साफ इनकार करने और अपने पति के साथ रहने का निर्णय लेने के बाद आरोपी ने दीपक कुजूर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए उसने सुपारी किलरों की मदद ली और हत्या की पूरी साजिश रची।
घटना के बाद गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पहले आरोपी परवेज आलम को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही और तकनीकी जांच के आधार पर मुख्य आरोपी मतिन अख्तर और उसके सहयोगी मफूज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
इस खबर को भी पढ़ें : श्रावणी मेला शुरू, सुल्तानगंज में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजा 105 किमी कांवरिया पथ


