Kolkata News:- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले से लापता हुई एक नाबालिग लड़की को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राजस्थान के पाली जिले से बरामद किया है। यह लड़की अगस्त 2023 से लापता थी और जांच में सामने आया कि उसे शादी के लिए दो बार बेचा गया था। सीबीआई के अनुसार, पीड़िता 9 अगस्त 2023 को ट्यूशन के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पहले इस मामले की जांच स्थानीय पुलिस ने की, फिर पश्चिम बंगाल सीआईडी को सौंपी गई। पीड़िता की मां की याचिका पर कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 8 फरवरी 2024 को यह मामला सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच को सौंप दिया। सीबीआई ने 16 फरवरी 2024 को केस दर्ज किया और जांच शुरू की।
मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एजेंसी को पता चला कि लड़की को राजस्थान के पाली जिले में भेजा गया है। इसके बाद 8 अगस्त 2025 को सीबीआई टीम ने पाली में छापेमारी कर लड़की को एक आरोपित के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया।
एजेंसी ने बताया कि लड़की नाबालिग थी, लेकिन शादी के लिए तैयार किए गए शपथ पत्रों में उसे बालिग दिखाया गया। प्राथमिक जांच में पता चला कि पीड़िता को दो बार शादी के नाम पर बेचा गया था। सीबीआई को शक है कि यह किसी बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है।
गिरफ्तार आरोपितों में भरत कुमार, जगदीश कुमार, मीना दापुबेन, रता राम और दिलीप कुमार शामिल हैं। इन्हें पाली की निचली अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर पूर्व बर्धमान जिला अदालत में पेश करने का आदेश दिया गया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि देखी गई है। वर्ष 2018 में 3,78,236 मामले, 2019 में 4,05,326, 2020 में 3,71,503, 2021 में 4,28,278 और 2022 में 4,45,256 मामले दर्ज हुए थे।

