Ranchi News:- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर पूरे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। झारखंड सरकार ने शोक की इस अवधि के दौरान सभी राजकीय कार्यक्रमों पर रोक लगाने और राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाए रखने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद सरकार ने यह फैसला लिया। इस बाबत मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। शोक की अवधि 4 अगस्त से प्रारंभ होकर 6 अगस्त तक जारी रहेगी।
सरकार की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 4 और 5 अगस्त को सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। यह फैसला गुरुजी के योगदान और राज्य के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है। शिबू सोरेन न केवल झारखंड आंदोलन के अगुवा रहे, बल्कि उन्होंने तीन बार मुख्यमंत्री पद भी संभाला। उनका निधन झारखंड की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है।
राजकीय शोक के चलते झारखंड के सभी जिलों में जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे ध्वज को आधा झुकाने और शोक का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी निभाएं। साथ ही इस दौरान कोई सरकारी या सांस्कृतिक आयोजन नहीं होगा।
शिबू सोरेन के निधन से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में शोक की लहर है। आदिवासी समाज और आम जनमानस में उनके प्रति सम्मान और श्रद्धा की भावना स्पष्ट दिखाई दे रही है। उनके संघर्ष, विचारधारा और योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

