Bhagalpur News: जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगा घाट से जल भरकर गुरुवार को भाजपा नेता मनोज तिवारी बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए।इस मौके पर उन्हें देखने के लिए गंगा घाट पर भारी भीड़ उमड़ी और भक्तों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। मनोज तिवारी ने बाबा बैद्यनाथ से बिहार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में बिहार में फिर से राजग की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जनता अब विकास चाहती है, झूठे वादे और बयानबाज़ी से ऊब चुकी है।
इस दौरान मनोज तिवारी ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाई वीरेंद्र जैसे नेता सिर्फ कैमरे के सामने बयान देते हैं लेकिन जनता के बीच उनकी कोई पकड़ नहीं है। इस धार्मिक यात्रा में राजनीतिक रंग उस समय और गहरा हो गया जब बीजेपी के कई स्थानीय नेता भी गंगा घाट पर मनोज तिवारी के साथ नजर आए। सभी ने मिलकर जल भराई की और मनोज तिवारी को शुभकामनाएं दीं।
करीब 105 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा सुल्तानगंज से देवघर तक चलेगी। जहां मनोज तिवारी बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा के दौरान जगह-जगह भक्तों और समर्थकों का स्वागत भी देखने को मिल सकता है।
जिलाधिकारी ने श्रावणी का लिया जायजा
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन भागलपुर के सुल्तानगंज उत्तरवाहिनी गंगा तट पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाने के बाद 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर बाबा बैद्यनाथधाम के लिए रवाना हो रहे हैं।
श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो इसे लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी गुरुवार को खुद सड़क पर उतरकर सारी व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करते दिखे। डीएम ने सुल्तानगंज के विभिन्न गंगा घाटों से लेकर भागलपुर जिले में पड़ने वाले 14 किलोमीटर कांवर पथ तक सभी जरूरी सुविधाओं का रियलिटी चेक किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम धाँधी बेलारी, जर्मन हैंगर, रेन शेल्टर और शौचालयों तक पहुंचे और वहां की स्थिति को देखा। उन्होंने रास्ते में कांवरियों से बात की और फीडबैक लेते हुए व्यवस्थाओं को 10 में से कितने अंक देंगे यह भी पूछा। इस पर श्रद्धालुओं ने 10 में से 10 अंक देते हुए प्रशासन की व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। इस पर जिलाधिकारी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ थपथपाई और कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से श्रावणी मेला सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है।


