भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बिहार के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती तूफान के कारण 24 से 26 अक्टूबर के बीच राज्य के इन हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार, बिहार के विशेषकर भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद, लखीसराय, नवादा, गया, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अवसाद से चक्रवाती तूफान में तब्दीली की आशंका
आईएमडी के अनुसार, 22 अक्टूबर की सुबह पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में एक अवसाद बना हुआ है। यह अवसाद आगे बढ़कर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। 24 अक्टूबर तक इस अवसाद के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
प्रशासन अलर्ट पर
राज्य सरकार ने इस संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
लोगों को दी गई सलाह
- घरों से बेवजह बाहर न निकलें।
- यदि आप घर से बाहर हैं तो सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
- पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
- बिजली के खंभों और तारों से दूर रहें।
- यदि आपके घर में पानी भर रहा है तो ऊंचे स्थान पर जाएं।
- आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।


