बेगूसराय।

राष्ट्रीय उच्च पथ 31 के बरौनी -खगड़िया खंड पर हरपुर के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक वाहन की चपेट में आकर बाढ़ प्रभावित दो पशु पालकों की मौत हो गई। मृतक की पहचान खगरिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नन्हकू मंडल टोला निवासी अविनाश कुमार यादव एवं सावन कुमार यादव उर्फ फोको के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार खगड़िया में बाढ़ आ जाने के कारण मृतक दोनों पशुपालक अपने मवेशियों के साथ पिछले करीब ढाई महीने से हरपुर के आसपास रह रहे थे। जहां वे मवेशी चराने के बाद रात में सड़क किनारे मवेशी को खड़ा कर सो जाते थे। लोगों के अनुसार रात 2:00 बजे तक सब कुछ ठीक-ठाक था। सुबह में जब कुछ लोग वहां दूध खरीदने गए तो पाया कि दोनों पशुपालकों की लाशें पड़ी है। इसे लेकर वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके कारण कुछ देर तक एनएच पर यातायात भी जाम रहा।