नई दिल्ली।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने शुक्रवार को टोक्यो में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से त्यागपत्र देने की घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि शिंजो आबे का कार्यकाल सितम्बर 2021 में खत्म होने वाला था।65 वर्षीय आबे ने कहा कि आंत की बीमारी के कारण उन्हें इलाज कराना है और इस कारण वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब और अधिक सावधानी के साथ उनका इलाज किया जाएगा। आबे ने कहा कि वह अपनी बीमारी को निर्णय करने में बाधक नहीं बनने देना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अपना कार्यकाल पूरा ना कर पाने के लिए जापान के लोगों से माफी मांगी है। इससे पहले साल 2007 में उन्होंने इंफ्लेमेट्री बॉवेल डिसीस के कारण अपने पद से त्याग पत्र दिया था और इसके बाद साल 2012 में वापस सत्ता में आए थे।

