Bihar News: नवादा जिले के सिरदला प्रखंड अंतर्गत छोमुहां गांव में सोमवार की रात एक शादी समारोह उस समय हिंसा में बदल गया, जब बारात के दौरान छेड़खानी की घटना को लेकर विवाद भड़क उठा। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस घटना में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के मानपुर से बारात महेंद्र साव के घर आई थी। शादी उनके परिवार की एक युवती की थी और जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों द्वारा बारात में आई महिलाओं के साथ कथित रूप से छेड़खानी की गई। इस घटना को लेकर बारात और स्थानीय लोगों के बीच तनाव पैदा हो गया।
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन जल्द ही मामला हाथापाई में बदल गया। इसके बाद लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला शुरू हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में बारात पक्ष के जितेंद्र साव, सिंटू कुमार और महेंद्र साव समेत चार लोग घायल हुए, जबकि गांव के सोनम देवी, नरेश प्रसाद, निक्की कुमार और नीरज कुमार भी जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का भी स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया।
इस मामले में चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और जिनकी स्थिति गंभीर थी, उन्हें रेफर किया गया। वहीं, सिरदला थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए शादी समारोह में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को शांत कराया गया। इसके बाद शादी की बाकी रस्में शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई भी संपन्न हुई।


