Patna News:- बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के पहले ही दिन सरकार ने 57,946.25 करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक बजट पेश किया। यह बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लाया गया है। विधानसभा में इसे वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने प्रस्तुत किया, जबकि विधान परिषद में श्रम मंत्री संतोष सिंह ने इसे सदन के समक्ष रखा।
अनुपूरक बजट में वार्षिक योजनाओं के मद में 36,169 करोड़, स्थापना मद में 21,773 करोड़ तथा केंद्रीय क्षेत्रीय योजना के तहत 3.63 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है। इसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन मद में सर्वाधिक राशि आवंटित की गई है, जो सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है।
विधानसभा की कार्यवाही राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव के संबोधन के दौरान ही विपक्षी दलों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। अध्यक्ष ने सभी विधायकों से सदन की गरिमा बनाए रखने और सहयोग की अपील की, लेकिन विपक्षी नेताओं ने ‘लोकतंत्र की हत्या’ के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
एआईएमआईएम विधायक अख्तर ऊल ईमान तो बेल में पहुंचकर बैनर के साथ विरोध प्रदर्शन करने लगे। उनका आरोप था कि मतदाता सूची से लोगों के नाम जानबूझकर हटाए जा रहे हैं।
हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया और अब यह मंगलवार सुबह 11 बजे दोबारा शुरू होगी।
इस बीच शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया। सरकार के अनुसार अनुपूरक बजट राज्य के विकास योजनाओं को गति देने और जरूरी विभागों को अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाया गया है।


