रांची। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के नाम पर अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ठेकेदार से ₹50 लाख रंगदारी मांगने का मामला बुधवार को सामने आया है। पैसा नहीं मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ फौजी कार्रवाई की धमकी दी गई है। इसको लेकर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है। वही ठेकेदार का पूरा परिवार भयभीत है।
जानकारी अनुसार 9 सितंबर को हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी ठेकेदार अंजनी सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट पर पीएलएफआई की ओर से मैसेज भेजा गया। मैसेज में लिखा गया कि ₹50 लाख रंगदारी नहीं देने पर उनके ऊपर फौजी कार्रवाई की जाएगी। रकम देने के लिए 5 दिन का समय दिया गया है। ठेकेदार अंजनी सिंह ने मामला दर्ज कराते हुए शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बकायदा मोबाइल नंबर सहित मैसेज का स्क्रीनशॉट पुलिस को उपलब्ध करा दिया है।


