सरायकेला।
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जिला पुलिस और सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और सीआरपीएफ के अलावा सैट के संयुक्त सर्च अभियान में कुचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत दलभंगा ओपी क्षेत्र के रुगुडीह से डोडारदा जाने वाले रास्ते से 35 केन बम बरामद किया है। सभी बमों का वजन चार पांच किलो का है, जिसे डिफ्यूज कर दिया गया है। एसपी आनंद प्रकाश ने शुक्रवार को बताया कि सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा केन बमों को प्लांट किया गया था। उन्होंने कहा कि समय रहते सभी बरामद बमों को नष्ट कर दिया गया है। इससे नक्सलियों के मंसूबे पर पानी फिर गया है। एसपी ने टीम में शामिल पुलिस के साथ सीआरपीएफ सेट और बीड़ीडीएस की टीम की सराहना की।


