Patna News :- बिहार सरकार और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के बीच सोमवार को एक अहम समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए, जिसका उद्देश्य राज्य के छह हवाईअड्डों का समग्र विकास करना है। नई दिल्ली स्थित बिहार निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा सहित दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस समझौते के तहत बिहार के पांच हवाईअड्डे—बीरपुर, वाल्मीकि नगर, सहारसा, मधुबनी और मुंगेर, जो राज्य सरकार के स्वामित्व में हैं, तथा मुजफ्फरपुर हवाईअड्डा, जो एएआई के अंतर्गत आता है, भारत सरकार की ‘उड़ान’ योजना में शामिल किए गए हैं।
नागर विमानन मंत्रालय ने प्रत्येक हवाईअड्डे के लिए ₹25 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है, यानी कुल ₹150 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। इससे राज्य के ग्रामीण और दूरवर्ती क्षेत्रों को हवाई संपर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे न सिर्फ आवागमन सुगम होगा बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर एएआई की ओर से कार्यपालक निदेशक अनामी पांडेय और बिहार सरकार की ओर से नागरिक उड्डयन निदेशक डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में बिहार के निवासी आयुक्त कुंदन कुमार और AAI के सदस्य (वित्त) सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
मुख्य सचिव ने इसे राज्य के विकास की दिशा में “ऐतिहासिक पहल” बताते हुए कहा कि उड़ान योजना के तहत इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से बिहार की क्षेत्रीय हवाई संपर्क क्षमता को एक नई उड़ान मिलेगी।


