Palamu News: पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबनवा गांव के समीप कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के बाद डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, कोयले से लदी मालगाड़ी बरकाकाना की ओर से सोननगर जा रही थी। गढ़वा रोड रेलवे स्टेशन पार करने के बाद मालगाड़ी सिगसिगी स्टेशन की दिशा में आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान ग्रासिम इंडस्ट्री के समीप सबनवा गांव के पास रिवर्सिबल लाइन पर मालगाड़ी के 11 डिब्बे अचानक बेपटरी हो गए। घटना के बाद रेलवे महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे अधिकारियों की निगरानी में क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। रेलवे की कोशिश है कि जल्द से जल्द ट्रैक को सामान्य स्थिति में लाकर परिचालन बहाल किया जा सके।
डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में अप और डाउन की मुख्य रेल लाइनों को नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि, डाउन लाइन से कुछ दूरी पर मालगाड़ी के कुछ डिब्बे झुके हुए हैं। ऐसे में दूसरे ट्रेनों से संभावित टक्कर के खतरे को देखते हुए रेल परिचालन को लेकर सावधानी बरती जा रही है।
रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति का आकलन कर रही है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। रेलवे ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मालगाड़ी के 11 डिब्बे किन परिस्थितियों में पटरी से उतरे।
हादसे के कारण इस रेलखंड पर परिचालन प्रभावित हुआ है। साथ ही रेलवे को भी नुकसान होने की बात सामने आई है। रेलवे अधिकारी ट्रैक और क्षतिग्रस्त डिब्बों की स्थिति का जायजा लेते हुए बहाली के काम में जुटे हैं।
इस खबर को भी पढ़ें :14वीं जेपीएससी परीक्षा की जांच में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार


