रांची।
प्रदेश कांग्रेस ने 31 अक्टूबर को सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती और इंदिरा गांधी के पुण्यतिथि को किसान अधिकार दिवस के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया है। राज्य के सभी जिला मुख्यालय में शहीद स्थलो पर सत्याग्रह किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने तीनो कृषि कानूनो और श्रमिक कानून के विरोध में सत्याग्रह का आह्वान किया है। कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने शुक्रवार को बताया कि सत्याग्रह के माध्यम से सरदार पटेल के किसान आंदोलन और उनके अधिकारो पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार लगातार स्व. इंदिरा गांधी द्वारा शुरू की गई हरित क्रांति पर आक्रमण कर रही है। इसका विरोध हमारी नैतिक जिम्मेवारी है। उन्होंने बताया कि सत्याग्रह की सफलता को लेकर कांग्रेसजनो की बैठक कांग्रेस भवन में संपन्न हुई।
