Devgarh News:- श्रावण माह में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को तड़के 04:09 बजे मंदिर का पट खुलने के साथ ही जलार्पण की शुरुआत हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक कुल 44 लाख एक हजार 85 श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ को जलार्पण कर चुके हैं। देश के कोने-कोने से भक्त यहां आकर अपनी आस्था अर्पित कर रहे हैं, वहीं विदेशों से भी श्रद्धालु बाबा की शरण में पहुंच रहे हैं। खासकर कांवड़िए, जो सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करते हुए बाबा नगरी पहुंचते हैं, यहां आकर जल चढ़ाकर पुण्य प्राप्त कर रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग ने बताया कि मेला क्षेत्र के हर हिस्से में पुलिस बल, दंडाधिकारी, एटीएस, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ की टीम और जिला बल तैनात हैं।
इस बीच, बाबा मंदिर के प्रांगण स्थित 18 दानपात्र खोले गए, जिनमें कुल ₹18,92,047 की नकदी प्राप्त हुई है। इसके अलावा, भक्तों द्वारा दान किए गए नेपाली रुपये और अमेरिकी डॉलर भी मिले हैं, जो अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं की मौजूदगी को दर्शाता है।
बाबा धाम की पवित्रता, श्रद्धा और भक्तों का उत्साह इस सावन को और विशेष बना रहा है। हर दिन बढ़ती भीड़ प्रशासन के लिए एक चुनौती है, लेकिन श्रद्धालुओं की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर हर स्तर पर प्रयास जारी हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : श्रावण मास में चमत्कार! नवादा के मस्जिद के नाम दर्ज जमीन से खुदाई के दौरान निकला भव्य शिवलिंग, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
इस खबर को भी पढ़ें : अबुआ आवास योजना घोटाला: विभागीय कार्रवाई शुरू सगुना पंचायत की मुखिया मंजू देवी सस्पेंड

