फतेहाबाद।
टिकरी बॉर्डर पर आए हिम्मतपुरा के 2 किसानों की गिरफ्तारी से उबले किसानों ने शहर के टाउन पार्क के बाहर शनिवार को सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर उनकी रिहाई की मांग की। मौके पर किसान नेता महाराज सिंह कन्हडी ने कहा कि सरकार किसानों को जबरन पकड़कर दबाव बना रही है। गिरफ्तार किसानों की रिहाई नहीं होने पर जल्द पंचायत करके बड़ा फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पहले राकेश टिकैट को गिरफ्तार करने की साजिश रची गई। फिर हिम्मतपुरा के 2 किसानों को अलीपुर थाना में गिरफ्तार किया गया है। सरकार की ओछी कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मालूम हो कि टिकारी बॉर्डर पर आए गुरमीत व मलकीत को शुक्रवार को अलीपुर थाने में गिरफ्तार किया गया है। दोनों किसानों के साथ गए एक अन्य देव सिंह नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किए जाने की सूचना बॉर्डर पर दी थी।


