Bihar News : बिहार के सीवान जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में सड़क किनारे बने खुले नाले में गिरने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के थाना मोड़ की है, जहां बिना ढक्कन के खुले नाले में गिरने के बाद महिला की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी समय से थाना मोड़ के आसपास मौजूद दुकानों पर लोगों से खाने-पीने के लिए मदद मांग रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद वह सड़क किनारे बने नाले के पास जाकर बैठ गई। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खुले नाले में जा गिरी।
घटना के तुरंत बाद किसी की नजर महिला पर नहीं पड़ी, जिसके कारण उसे समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक सब-इंस्पेक्टर की नजर नाले में पड़ी महिला पर गई। उन्होंने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि महिला की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। पहचान होने पर परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खुले पड़े नालों को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि बिना ढक्कन के खुले नाले राहगीरों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं। उन्होंने नगर प्रशासन से ऐसे नालों को जल्द ढंकने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतका की पहचान होने का इंतजार किया जा रहा है।


