Siwan Encounter : बिहार के सीवान जिले में हुए चर्चित रोड रेज गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के पास 29 अप्रैल को हुए सनसनीखेज फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी सोनू कुमार यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सक्रियता और सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़हरिया थाना क्षेत्र के लकड़ी गांव के समीप पुलिस और अपराधी के बीच आमना-सामना हुआ। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी सोनू कुमार यादव मारा गया। मृतक सोनू यादव, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव का निवासी था और उसे इस गोलीकांड का मुख्य शूटर बताया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, इसी आरोपी ने भाजपा नेता मनोज सिंह के भांजूे हर्ष कुमार की गोली मारकर हत्या की थी। वहीं मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज जारी है। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव किसी नई आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से बड़हरिया की ओर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर एसपी पुरन कुमार झा के निर्देश पर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी, जिसके बाद अपराधी ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल पटना के पीएमसीएच में इलाजरत है। इसके अलावा, सुनील यादव नामक आरोपी को घटना में इस्तेमाल वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस एनकाउंटर के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


