Dehri on Son News: पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में रविवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन से एक वन्य जीव तस्कर को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में जीवित पक्षियों को बरामद किया। दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बर्धमान जा रही 12312 डाउन नेताजी एक्सप्रेस में अवैध रूप से राष्ट्रीय पक्षी मोर और अन्य दुर्लभ पक्षियों की तस्करी की जा रही थी।
RPF निरीक्षक रामविलास राम ने बताया कि उन्हें ट्रेन में वन्यजीव तस्करी की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष टीम तैयार की गई, जिसमें एएसआई हरेराम कुमार, प्रधान आरक्षी बृजभूषण मिश्रा, प्रधान आरक्षी संतोष कुमार पासवान, आरक्षी अभिमन्यु सिंह, अंगद कुमार तिवारी और सर्वोदय पासवान शामिल थे।
ट्रेन के डेहरी आन सोन स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर पहुंचने के बाद टीम ने कोच S-7 में जांच शुरू की। इस दौरान शौचालय के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में तीन बड़े प्लास्टिक के बोरों के साथ पाया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान विक्रम मुखर्जी, निवासी गोपालपुर, थाना कांडी, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में बताई।
जब RPF टीम ने उसके कब्जे से मिले बोरों की जांच की, तो उनमें से जीवित 33 राष्ट्रीय पक्षी मोर, 5 तीतर और 2 हरियल कबूतर बरामद हुए। सभी पक्षियों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूसकर ले जाया जा रहा था। RPF ने मौके पर ही विधिवत जब्ती सूची तैयार की और आरोपी विक्रम मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तस्कर और बरामद सभी जीवित पक्षियों को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग, डेहरी आन सोन को सौंप दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से वन्यजीव संरक्षण को लेकर एक बड़ी तस्करी का प्रयास विफल हो गया।

