Darbhanga News: जिले में बंगाल के सराफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के शोभन-एकमी बाईपास स्थित एम्स के समीप हुई इस लूटकांड में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर 62 किलो 195 ग्राम चांदी, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, पांच एंड्रायड मोबाइल और दो कारें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को लूटकांड के उद्भेदन में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद निवासी छोटू कुमार यादव (34), विशाल महासेठ उर्फ विक्की (35), धीरज सोनी, कुसुम रेस्टोरेंट के मालिक संतोष कुमार साह (63) और तेजस अभिषेक चंद्र (23) शामिल हैं।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित छोटू कुमार यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद और एक मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने निक्की साह के घर पर छापेमारी की। वहां बैग और बोरों में रखे चांदी के 56 बड़े पीस बरामद किए गए। इनका कुल वजन 62 किलो 195 ग्राम बताया गया है।
वहीं, पुलिस ने विशाल महासेठ उर्फ विक्की और धीरज सोनी को सिमरी थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर उस समय गिरफ्तार किया, जब वे कार से पटना से दरभंगा आ रहे थे। इसके अलावा कादिराबाद स्थित कुसुम रेस्टोरेंट के मालिक संतोष कुमार साह को उनके होटल से और उनके दोस्त तेजस अभिषेक चंद्र को होटल के बगल से हिरासत में लिया गया।
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटकांड में इस्तेमाल या जुड़े होने की जांच के तहत स्विफ्ट कार (BR07AP 2202) और टिगोर कार (BR07AY 9293) भी जब्त की हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी के निर्देश पर इस लूटकांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। सदर एसडीपीओ-2 सुवेन्द्र कुमार सुमन के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी के आधार पर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


