-
17 साल बाद RCB ने जीता IPL 2025 का खिताब
-
पंजाब को हराकर RCB बनी चैंपियन
-
शानदार गेंदबाजी से RCB का ट्रॉफी पर कब्जा
Ahmedabad News: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल 2025 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर पहली बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया। 17 साल के लंबे इंतजार के बाद बेंगलुरु की टीम ने ये ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 190 रन बनाए। टीम की ओर से विराट कोहली ने 43, कप्तान रजत पाटीदार ने 26, लियाम लिविंगस्टन ने 25 और जितेश शर्मा ने 24 रन की अहम पारियां खेलीं। फिल सॉल्ट ने तेज शुरुआत करते हुए 16 रन बनाए, जबकि रोमारियो शेपर्ड ने भी 17 रनों का योगदान दिया।पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और काइल जेमिंसन ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि उमरजाई, युजवेंद्र चहल और विजय कुमार को एक-एक सफलता मिली।
191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत शानदार रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने मिलकर पावरप्ले में तेज रन बटोरे। लेकिन आरसीबी के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में वापसी की। श्रेयस अय्यर सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शशांक सिंह ने अंत तक संघर्ष किया और आखिरी ओवर में जीत के लिए 29 रनों की जरूरत थी, लेकिन वे सिर्फ 22 रन ही बना सके।
RCB की गेंदबाजी की बात करें तो क्रुणाल पांड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार को भी दो सफलताएं मिलीं। यश दयाल, जोश हैजलवुड और शेपर्ड ने भी एक-एक विकेट लिया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ RCB ने आईपीएल इतिहास में पहली बार ट्रॉफी जीती और अपने 17 साल के सूखे को खत्म किया।
इस खबर को भी पढ़ें : सुगौली में कंटेनर पर लदी 4200 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
इस खबर को भी पढ़ें :बिहार में सस्ता होगा हवाई सफर, वैट में भारी कटौती,पटना, गया और दरभंगा से उड़ानें होंगी सस्ती

