Araia News:- उत्क्रमित मध्य विद्यालय ईटहारा के प्रधानाध्यापक शमशुल होदा मासूम को छात्राओं से छेड़खानी और अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप में शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं ने आरोप लगाया था कि प्रधानाध्यापक प्रलोभन देकर और डराकर उन्हें गलत तरीके से स्पर्श करते थे, जिसके बाद सोमवार को ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर घंटों बंधक बनाए रखा और पुलिस अभिरक्षा में उनकी पिटाई भी की।
मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी प्रमुख को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नरपतगंज प्रखंड शिक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है और इस दौरान उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) राशिद नवाज की ओर से जारी आदेश ज्ञापांक 2939 में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि आरोपी प्रधानाध्यापक का आचरण शिक्षक की मर्यादा के विपरीत है और विभाग की छवि को धूमिल करता है। महिला उत्पीड़न से जुड़े आरोप प्रथम दृष्टि में सही पाए जाने के बाद उन्हें बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत निलंबित किया गया है। साथ ही, उनके विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों की शिकायत के अनुसार प्रधानाध्यापक कथित रूप से कक्षा 6, 7 और 8 की छात्राओं को विभिन्न तरह के प्रलोभन, डराने-धमकाने और बहलाने-फुसलाने के जरिए शारीरिक छेड़छाड़ करते थे। इन घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल परिसर में ही उन्हें पकड़ लिया था और पुलिस के पहुंचने तक बंधक बनाए रखा। बाद में पुलिस ने किसी तरह उन्हें भीड़ से बचाया और मामले की जांच शुरू की।
फिलहाल, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएँ।

