Hazaribag News:- झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 किलो डोडा जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जब पुलिस ने बरही चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की वरना कार में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने निरीक्षक हरेन्द्र कुमार सिंह के साथ बरही चौक पर नाकाबंदी की।
इसी दौरान एक संदिग्ध वरना कार चौक पर पहुंची। पुलिस ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने तेजी से कार को मोड़कर गयाजी रोड की ओर भागने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर से आरोपी हरिनगर गली में कार छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कार को खोलने की कोशिश की, लेकिन जब लॉक नहीं खुला तो क्रेन से कार को थाना लाया गया। जांच के दौरान कार के अंदर से 7 बोरे डोडा बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 102 किलो पाया गया।
पुलिस ने फरार वाहन चालक, कार मालिक और तस्करों के खिलाफ बरही थाना में स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
यह बरामदगी हजारीबाग पुलिस की हाल की बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

