Jharkhand News: रामगढ़ जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली है। पतरातू क्षेत्र में संभावित आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक देसी कार्बाइन, एक देसी पिस्तौल और पांच जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं।
इस संबंध में रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसी सूचना के आधार पर पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान पतरातू थाना क्षेत्र के हेसला गांव के समीप पुलिस ने संदिग्ध बाइक (जेएच 02 एबी 5319) पर सवार दो युवकों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान हेसला निवासी कारण करमाली और जनता नगर टाइप-1 निवासी शिवम मिश्रा उर्फ शिवम आनंद उर्फ नंदू के रूप में बताई।
जब पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो कारण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देसी पिस्तौल बरामद हुआ, जिसमें तीन गोलियां मौजूद थीं। वहीं बाइक के करियर में टंगे एक बैग से 9 एमएम का लोडेड देसी कार्बाइन मिला, जिसमें दो गोलियां थीं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और उसके निर्देश पर ही किसी घटना को अंजाम देने के लिए निकले थे। इसके अलावा, उन्होंने 4 अप्रैल को पतरातू स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई गोलीबारी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस छापेमारी अभियान में पतरातू इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित कई थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल थे।
इस खबर को भी पढ़ें : कोडरमा में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन, हजारों महिलाओं की भागीदारी,सशक्त भारत का संकल्प
इस खबर को भी पढ़ें : किशनगंज थाना प्रभारी पर EOU की बड़ी कार्रवाई, किशनगंज, पटना और सारण में कई ठिकानों पर छापेमारी,अभिषेक रंजन के घर-कार्यालय पर रेड


