Bihar News: नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के गड़ेरिया बेलदारीबिगहा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सनकी पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने ईंट-पत्थर और सिलबट्टे से हमला कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान लल्लू बिंद की पत्नी सोनमंती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार में 25 अप्रैल को ननद की शादी होने वाली थी, जिससे घर में खुशी का माहौल था। लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
मृतका के 11 वर्षीय पुत्र क्रिश कुमार ने बताया कि रविवार की शाम परिवार के लोग शादी से जुड़े पूजा-पाठ के लिए मंदिर गए थे। पूजा के बाद जब उसकी मां घर लौटी, तो उसके पिता ने किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आया। जान बचाने के लिए उसकी मां पड़ोस के घर में जाकर छिप गई।
लेकिन आरोपी पति वहां भी पहुंच गया और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। उसने पत्नी के बाल पकड़कर उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गई। इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह उसके सीने पर बैठ गया तथा पास में रखे पत्थर के सिलबट्टे से सिर और छाती पर लगातार वार करता रहा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेन थाना के थानाध्यक्ष रवि राज कुमार ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई है। इस घटना के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।


