Jamshedpur News: कमलपुर थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की छात्रा कनकलता की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी मुर्मू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन चलाने की आदत को लेकर मां-बेटी के बीच हुए विवाद के बाद माता-पिता ने मिलकर बेटी की ह’त्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बंद पत्थर खदान के पानी से भरे गहरे गड्ढे में फेंक दिया था। शुक्रवार को दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने शुक्रवार को बताया कि कनकलता को लगातार मोबाइल फोन चलाने की आदत थी। इसी बात को लेकर 10 नवंबर को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर माता-पिता ने घर में ही डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों ने मामले को छिपाने की योजना बनाई। देर रात बेटी के शव को लायाडीह के पास महीनों से बंद पड़ी पत्थर खदान के पानी भरे गहरे गड्ढे में फेंक दिया। इसके बाद दोनों ने बेटी के लापता होने की कहानी गढ़ी, ताकि किसी को उन पर शक न हो।
13 नवंबर को खदान से मिला था शव
ओड़िया पंचायत के लायाडीह गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 13 नवंबर को कनकलता का शव बरामद किया गया था। वह गेरुवाला उत्क्रमित मध्य विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने खदान के गड्ढों को भरने, खदान मालिक को मौके पर बुलाने और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की थी।
10 दिनों की जांच के बाद खुला हत्या का राज
थाना प्रभारी के अनुसार, शव बरामद होने के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। परिजनों के व्यवहार और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों के आधार पर पुलिस का संदेह गहराया। करीब दस दिनों तक लगातार छानबीन की गई। इस दौरान तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और कई लोगों से पूछताछ की गई। बाद में माता-पिता से सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने ह’त्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
गौरतलब है कि घटना के विरोध में 14 नवंबर को ग्रामीणों ने टाटा-काटिन मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों ने पुलिस पर शव को चोरी-छिपे ले जाने का आरोप लगाते हुए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी। फिलहाल पुलिस हत्या के अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।


