पटना में होगा भव्य सम्मान समारोह, आठ प्लाटून की परेड में शामिल होंगे पुलिसकर्मी; सिपाही से डीजीपी तक लगा सकेंगे विशेष बैज
Patna News: बिहार पुलिस के लिए 12 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। राज्य पुलिस बल को उसकी उत्कृष्ट सेवाओं, वीरता, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए देश के सर्वोच्च पुलिस सम्मानों में शामिल राष्ट्रपति कलर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान पटना में आयोजित भव्य समारोह में बिहार पुलिस को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगे।

इस गौरवपूर्ण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव, गृह सचिव, बिहार पुलिस के डीजीपी समेत राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बिहार पुलिस को इस सम्मान के लिए इसी साल अप्रैल में चुने जाने की घोषणा की गई थी। अब दिसंबर में औपचारिक रूप से यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सिपाही से डीजीपी तक वर्दी पर लगा सकेंगे विशेष बैज
राष्ट्रपति कलर अवार्ड मिलने के बाद बिहार पुलिस को विशेष ध्वज और बैज प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान की खास बात यह है कि पुलिस विभाग में सिपाही से लेकर डीजीपी तक सभी अधिकारी और जवान अपनी वर्दी पर सीने के पास इस विशेष बैज को लगा सकेंगे। यह बैज बिहार पुलिस की उत्कृष्ट सेवाओं और उपलब्धियों का प्रतीक होगा।
आठ प्लाटून की भव्य परेड होगी आकर्षण का केंद्र
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सम्मान समारोह के दौरान भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। इसमें बिहार पुलिस की विभिन्न इकाइयों की आठ प्लाटून हिस्सा लेंगी। गृह मंत्री अमित शाह परेड की सलामी लेंगे। परेड का नेतृत्व आईपीएस रैंक के अधिकारी करेंगे। वहीं, पुलिस बैंड की ओर से विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।
क्या है राष्ट्रपति कलर अवार्ड?
राष्ट्रपति कलर अवार्ड को पुलिस बलों के लिए बेहद प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। इसे ‘निशान’ के नाम से भी जाना जाता है। यह सम्मान किसी पुलिस संगठन को लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवा, वीरता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के आधार पर दिया जाता है। यह सम्मान पुलिस बल के लिए गौरव और प्रतिष्ठा का प्रतीक होता है।
बिहार पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड मिलना राज्य के पुलिस विभाग के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ने के साथ ही विभाग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।


