Nawada News: बिहार के नवादा जिले में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रजौली थाना क्षेत्र में विशेष कार्य बल (STF) और नवादा जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के दो हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान दयानंद राजवंशी उर्फ गुर्जर उर्फ पप्पू और मिथिलेश राजवंशी के रूप में हुई है। दोनों हरदिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थे।
नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह संयुक्त अभियान चलाया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों नक्सलियों की निशानदेही पर रजौली थाना क्षेत्र के पहाड़ी और घने जंगलों से घिरे भनेखाप इलाके में छापेमारी की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की।
बरामद सामान में दो .315 बोर राइफल, 20 जिंदा कारतूस, एक टैक्टिकल गियर (बुलेटप्रूफ प्लेट सहित), एक बुलेटप्रूफ पटका, 9 डेटोनेटर, लगभग 40.625 किलोग्राम विस्फोटक (करीब 325 पैकेट) और करीब 100 मीटर कोडेक्स वायर शामिल है। यह बरामदगी किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पटना स्थित STF को पहले ही इन नक्सलियों के ठिकानों की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से यह संयुक्त अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और सख्त कर दिया गया है।
रजौली थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।


