Dhanbad News: झारखंड के धनबाद स्थित प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी (आईएसएम) में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। संस्थान के एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरकर पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे संस्थान परिसर में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृत छात्र की पहचान महाराष्ट्र के अहमदपुर निवासी माने राजकुमार प्रतीक के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। शनिवार सुबह छात्र के हॉस्टल की आठवीं मंजिल से नीचे गिरने की सूचना मिलते ही संस्थान की सुरक्षा टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल छात्र को धनबाद के अशर्फी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस फिलहाल हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संस्थान प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के धनबाद पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। छात्र की अचानक हुई मौत से उसके सहपाठियों और संस्थान के अन्य विद्यार्थियों में शोक का माहौल है।
सुरक्षा प्रभारी ने दी घटना की जानकारी
आईआईटी (आईएसएम) के सुरक्षा प्रभारी राम मनोहर ने बताया कि शनिवार सुबह छात्र के आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही वह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
वहीं, सरायढेला थाना प्रभारी मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान पूरा होने के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस हॉस्टल में घटना से जुड़े परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। संस्थान प्रबंधन भी मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।



