Jharkhand Crime News: लोहरदगा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में सोमवार तड़के एक युवक ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपने ही पिता और पत्नी की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसने अपनी तीन साल की मासूम बेटी पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
आरोपी की पहचान 35 वर्षीय संदीप उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी घरेलू विवाद को लेकर वह अचानक गुस्से में आ गया और घर में रखी कुदाल उठाकर हमला शुरू कर दिया। सबसे पहले उसने अपने पिता सुरेंद्र उरांव (60) पर वार किया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी सुजीता उरांव (27) को भी निशाना बनाया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के दौरान आरोपी का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने अपनी तीन साल की बेटी रियांशी को भी नहीं छोड़ा। बच्ची पर किए गए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मासूम की हालत देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और कोई भी यह समझ नहीं पा रहा कि आखिर आरोपी ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


