Koderma News: जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के मामले की जांच अब कोडरमा तक पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी ने गुरुवार देर रात जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया। दोनों को पूछताछ के लिए रांची लेती गई है। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद जिले में दिनभर मामले को लेकर चर्चा बनी रही।
जानकारी के अनुसार, एसआईटी की टीम ने सबसे पहले डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलवाढाब में छापेमारी की। यहां राजेश यादव, पिता जगदीश यादव के घर पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। इसके बाद एसआईटी ने कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के पूर्णानगर रोड में दबिश दी। यहां से संदीप कुमार, पिता रामदेव सिंह को हिरासत में लिया गया। राजेश यादव एक यूट्यूबर है। जबकि संदीप कुमार जमीन करोबारी है।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली को लेकर पहले गिरफ्तार किए गए आरोपितों और बिचौलियों से पूछताछ के दौरान दोनों युवकों के नाम सामने आए थे। इसके बाद एसआईटी ने दोनों के संभावित संपर्कों, गतिविधियों और परीक्षा से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई। इसी आधार पर देर रात दोनों ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए दोनों युवकों को पहले कोडरमा लाया गया और इसके बाद रांची ले जाया गया। रांची में एसआईटी उनसे कथित परीक्षा सिंडिकेट से संपर्क, प्रश्नपत्र के संभावित लेन-देन, परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और आर्थिक लेन-देन समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ कर सकती है।
हालांकि, दोनों युवकों की कथित भूमिका को लेकर सीआईडी या स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए उनकी भूमिका के संबंध में फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
एसआईटी की पूछताछ और जांच के दौरान यदि परीक्षा धांधली से जुड़े नए नाम, मोबाइल संपर्क या अन्य महत्वपूर्ण सुराग सामने आते हैं, तो कोडरमा में जांच का दायरा और बढ़ सकता है। देर रात की इस कार्रवाई से जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के कथित पेपर लीक नेटवर्क को लेकर जिले में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जाता है कि सीजीएल की परीक्षा में करीब कोडरमा से 50 से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता पाई है। जिनमें कई की नौकरी जांच के दायरे में है।


