Bihar News ; किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने उनके पास से चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हेरोइन की एक बड़ी खेप पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से किशनगंज के रास्ते बस के जरिए पटना भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एएनटीएफ की विशेष टीम का गठन किया गया और फरिंगगोला चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान किशनगंज की ओर आ रही एक यात्री बस को रोककर दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन संदिग्ध यात्रियों के पास अलग-अलग पैकेटों में कुल 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी माया देवी, वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सोनू कुमार तथा जोरावनपुर निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे असम के गुवाहाटी से हेरोइन लेकर पटना जा रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। इस गिरोह का नेटवर्क बिहार, पश्चिम बंगाल और असम सहित कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


