धनबाद। सड़क हादसे में तोपचांची थाने में पदस्थापित हवलदार संजय कुमार 45 वर्ष की मौत हो गई। घटना रविवार की सुबह की है। उस समय हवलदार अपने बेटे को छोड़ने के लिए थाने से निकला था और लौटते वक्त थाना के गेट के पास एक ट्रक की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी अनुसार थाना गेट के ठीक सामने राजगंज की ओर से आ रहे अज्ञात ट्रक ने हवलदार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जानकारी मिलते ही थाने में मौजूद पुलिस अधिकारी व जवान पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। बताया जाता है कि गढ़वा जिले के भंडार गांव का निवासी हवलदार की पोस्टिंग 20 दिन पहले ही तोपचांची थाने में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और एक पुत्री है।


