Giridih News: झारखंड के गिरिडीह जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत तुरुकडीहा गांव में एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान नंदकिशोर यादव के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपनी बेटियों पलवी कुमारी (12 वर्ष), रिद्धि कुमारी (7 वर्ष) और सिद्धि कुमारी (7 वर्ष) की निर्मम तरीके से हत्या कर दी। घटना देर रात की बताई जा रही है, जबकि सोमवार सुबह जब इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को हुई तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया।
मासूम बच्चियों की हत्या की खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हर कोई इस जघन्य घटना से स्तब्ध नजर आया। लोगों के बीच आरोपी पिता के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि कोई पिता अपनी ही बेटियों के साथ इतनी क्रूरता कर सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। तीनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपी नंदकिशोर यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। जिस पिता पर बच्चों की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी होती है, उसी के हाथों तीन मासूम बेटियों की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव से लेकर जिले तक लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


