Bhagalpur/Navgachia: जिले के नवगछिया अंतर्गत बिहपुर थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में 21 अप्रैल की रात हुई प्रकाश मंडल की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शुरुआती जांच में यह मामला अब प्रेम प्रसंग और पारिवारिक तनाव से जुड़ा सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की छोटी बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतक प्रकाश मंडल की छोटी बहू सुषमा कुमारी का गांव के ही रहने वाले संजीव कुमार के साथ कथित प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था। उस समय गांव में पंचायत बुलाई गई थी और मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन दोनों के बीच संबंध जारी रहे।
जांच में सामने आया है कि मृतक प्रकाश मंडल इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे, जिससे घर में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से ससुर को रास्ते का कांटा समझते हुए हत्या की साजिश रची गई।
घटना 21 अप्रैल की देर रात करीब 12:30 बजे की है। अपराधी घर में घुसे और प्रकाश मंडल को गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। नवगछिया एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने निखिल कुमार, दिवाकर कुमार और सुषमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दिवाकर कुमार के घर से हत्या में इस्तेमाल देशी कट्टा, दो जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग और परिवार की इज्जत को लेकर उपजे विवाद ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया। फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।


