Bokaro News:- बोकारो जिले के बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित सुप्रिया इस्पात उद्योग में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री के ब्लास्ट फर्नेस में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे मजदूरों की पहचान लखन टुडू और अखिल कुमार के रूप में हुई है। दोनों को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक की हालत नाजुक बताई है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि ब्लास्ट फर्नेस की नियमित जांच और रखरखाव नहीं की गई थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत कंपनी का मुख्य गेट बंद कर दिया और बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। हालांकि, कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर गेट खोल दिया गया।
मजदूर संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि मजदूरों की जान की कीमत पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों की पहचान के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


