सिमडेग। एसीबी की टीम ने मंगलवार को बानो चौक में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते मनरेगा जेई को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जेई के द्वारा कुआं का प्राक्कलन बनाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। जिसे लेकर एसीबी में शिकायत दर्ज करायी गई थी। एसीबी की टीम जेई को अपने साथ लेती गई है।
जानकारी अनुसार हुरदा के कोहीपाठ निवासी देव प्रसाद साहू से मनरेगा जेई मनोज कुमार कुआं का प्राक्कलन बनाने के नाम पर 10 हजार रुपये मांग रहा था। तंग आकर देव प्रसाद साहू ने एसीबी से संपर्क किया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के बाद एसीबी ने कांड संख्या 6/22 के तहत 18 अप्रैल को मामला दर्ज किया।
इसके बाद एसीबी की टीम मंगलवार को बानो पहुंची और जेई मनोज कुमार को 10 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम जेई मनोज कुमार को गिरफ्तार कर रांची ले गई है।