आरा।
जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के पडरिया गांव में शादी के दौरान हर्ष फायरिंग की आड़ में एक युवक की हत्या कर दी गई । घटना शुक्रवार की देर रात की है। बताया जाता है कि हत्या की घटना को जानबुझकर अंजाम दिया गया। फायरिंग में घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, पर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान पड़रिया गांव निवासी विश्वनाथ सिंह के पुत्र निकेश कुमार सिंह (25) के रूप में की गई है। शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में कराया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल देशी रायफल को जब्त कर लिया गया है। मिली जानकारी अनुसार शादी समारोह में गाने नाचने के बीच उपजे विवाद में युवक के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बारातियों द्वारा किए जा रहे हर्ष फायरिंग का विरोध मृतक द्वारा किया गया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस बाराती पक्ष के आधा दर्जन लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बारात पड़रिया निवासी हर गोविंद सिंह के यहां आयी थी। बाराती पक्ष के लोग देशी रायफल से हर्ष फायरिंग कर रहे थे। मृतक सहित गांव के लोगों ने नशे में धुत बारातियों को फायरिंग करने से मना किया। इस पर बाराती आक्रमक हो गए और युवक के सीने में गोली मार दी।