रांची।
पुलिस ने राजधानी के एक बड़े होटल में छापेमारी कर शुक्रवार की रात सरकार के खिलाफ काम करने और उसे गिराने की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो लाख नगद और स्थानीय विधायको के साथ हवाई यात्रा के विवरण से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किया है। बताया जाता है कि गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष कई राज खोले है। जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

तीनों गिरफ्तार लोगों को शनिवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार लोगों में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो है, जो रांची, बोकारो और पलामू के रहने वाले हैं।
सूत्रों के अनुसार झारखंड सरकार के खिलाफ कुछ लोग साजिश रच रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर देर रात होटलों में छापेमारी की गई थी। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ कोतवाली थाना में पीसी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
विधायकों के खरीद-फरोख्त मामले को लेकर बेरमो से कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने दो दिन पहले रांची के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही इस मामले में स्पेशल ब्रांच और जिला पुलिस लगी हुई थी।
इस बाबत विधायक अनूप सिंह से बात करने पर उन्होंने कहा कि मामले को लेकर वह 22 जुलाई को कोतवाली थाने में एक आवेदन दिये थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग शुरू से ही राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को अल्पमत में लेकर गिराना चाहते है।
इधर जेएमएम के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आरोप लगाया है कि भाजपा के इशारे पर झारखंड सरकार को गिराने की साजिश रची जा रही है।