रांची।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने योगाभ्यास कर अपनी अपनी फोटो भी साझा किया। योगाभ्यास करते हुए दीपक प्रकाश ने योग को अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि योग से शरीर रोगामुक्त तो होता ही है मानसिक और बौद्धिक स्तर पर भी व्यक्ति सशक्त होता है। रांची के सांसद संजय सेठ ने पतंजलि परिवार की ओर से आचार्यकुलम में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। योगाभ्यास भी किया। सांसद संजय सेठ ने ट्वीटर पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि योग भारत की एक विद्या है जिसने दुनिया को स्वस्थ रहना सिखाया। दुनिया को जोड़ने का काम भी किया। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने की अपील की। भाजपा विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी योगाभ्यास करते हुए ट्वीटर पर कुछ तस्वीरे साझा की। मरांडी ने लिखा कि योग हमारे शरीर को आत्मा से जोड़ता है। जीवन की आपाधापी, अवसाद और नकारात्मकता पर नियंत्रण की शक्ति भी योग से मिलती है। उन्हाेंने आगे लिखा कि जब दुनिया कोरोना वायरस से परेशान है, तब योग एक आशा की एक किरण बनी हुई है।