रांची

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश बुधवार को राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू से मुलाकात कर राज्य में खनिज संपदा की लूट को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जेएसएमडीसी की खनिज संपदा के नीलामी पर रोक लगाने सहित ग्रेड निर्धारण के लिए भेजे गए खनिज नमूनो की जांच बाहर के किसी एजेंसी से कराने की मांग की है। इसके उपरांत पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार के संरक्षण में खनिज संपदा की लूट जारी रहने का आरोप लगाया।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक ने कहा कि यूपीए सरकार में संपदा की लूट बढ़ी है। बालू, कोयला और आयरन की लूट में छुट दी गई है। इन सबके पीछे मास्टर माइंड कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि पद्म कुमार जैन को आवंटित ठकुरानी लौह अयस्क खदान, चाईबासा की लीज 2019 में रदद् कर दी गई थी। जबकि इसके पूर्व 2017 में अनुमति से ज्यादा खनन को लेकर 347 खदानो पर सुप्रीम कोर्ट ने जुर्माना लगाया था। इसमें पद्म कुमार जैन पर 334.47 करोड रूपए की जुर्माना लगी थी। कोर्ट ने निर्देशित किया था कि जुर्माने की रकम की वसूली पूर्व से बचे लौह अयस्क के स्टॉक को बेचकर की जा सकती है। कोर्ट के आदेश की आड़ में लौह अयस्क के कम गुणवत्ता की रिपोर्ट कर स्टॉक की नीलामी कर लूट की योजना बनाई गई है, जिससे सरकार को 40 करोड़ रूपए से ज्यादा का नुकसान हो सकता है। प्रेसवार्ता में मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और प्रवक्ता अमित सिंह भी मौजूद थे।