रांची।

साइबर क्राइम के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस की टीम ने मंगलवार को झारखंड की राजधानी रांची, देेवघर और जमशेदपुर में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों में सुशांत, प्रभात, संजय महतो और विकास शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें से दो की गिरफ्तारी देवघर और जमशेदपुर से हुई है, जबकि अन्य दो की गिरफ्तारी रांची से की गई। अब तक इस मामले में कुल छह लोग पकड़े गए हैं। इनमें से चार झारखंड से और दो मध्य प्रदेश के है।
जानकारी अनुसार साइबर ठगों का एक शातिर गिरोह लोगों के खातों से पैसे गायब कर रहा था। मामला सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के बालाघाट थाना में इस तरह की ठगी के संबंध में कई एफआईआर दर्ज कराए गए है। जिसके बाद बालाघाट पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के रहने वाले मनोज राणा और हुकम सिंह बिसेन को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से भारी मात्रा में नए मोबाइल सेट बरामद किए गए। वहीं दोनों आरोपितों ने पूछताछ में गिरोह के अन्य लोगों की जानकारी दी थी। जिनमें से चार लोग झारखंड के रहने वाले हैं। पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड झारखंड के देवघर का रहने वाला संतोष महतो है, वह गिरोह का सरगना है। जिसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए झारखंड पुलिस से संपर्क किया ।
मध्य प्रदेश पुलिस की टीम सबसे पहले रांची के अरगोड़ा थाना पहुंची। जहां से स्थानीय पुलिस के सहयोग से सुशांत और प्रभात को पकड़ा। दोनों से पूछताछ करने के बाद देवघर से संजय महतो और जमशेदपुर से विकास को गिरफ्तार किया गया। सभी को मध्य प्रदेश पुलिस अपने साथ ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हो गयी।