रांची।
प्रसिद्ध व्यवसायी सह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ज्ञान प्रकाश जालान का सोमवार को दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया है। वे कोरोना से पीड़ित थे। तबीयत खराब होने के बाद कुछ दिनों पहले उन्हें एयर एंबुलेंस से रांची से दिल्ली ले जाया गया था। उनका एम्स में इलाज चल रहा था। उनके निधन से संघ परिवार में शोक की लहर है। जालान रांची विभाग के पूर्व संघचालक और जालान सत्तू के मालिक भी थे। उनके निधन पर व्यवसायियों में भी गहरा शोक है। सांसद सेठ ने सोमवार को उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा की उनका आकस्मिक निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैंने आज अपना अभिभावक और मार्गदर्शक खो दिया। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और खूंटी सांसद अर्जुन मुंडा ने जालान के निधन पर शोक जताया है। उन्होने कहा की वे मेरे अभिभावक तुल्य थे।
झारखंड के सह प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव ने अपने शोक संदेश में कहा कि ऐसे स्वयंसेवक बहुत कम ही मिलते हैं, जो संघ के साथ-साथ सभी अनुषांगिक संगठनों की चिंता करते हो। वहीं विकास भारती के सचिव अशोक भगत ने कहा कि सच्चा हितैषी खो दिया। एकल के संस्थापक श्याम गुप्त ने कहा कि एकल को आगे बढाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था, जिसे संगठन कभी भुला नहीं सकता। उनके निधन पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री वीरेंद्र साहू सहित अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है।

