गुमला।

जिले के कुरूमगड़ थाना क्षेत्र के रोगाडीह गांव में शनिवार को मामूली विवाद में 2 लोगों की तेज धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। जबकि एक व्यक्ति को पीट पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मारे गए लोगों में मनामुंडा (32) व रामप्रसाद लोहरा ( 30) शामिल हैं। वही गंभीर रूप से घायल लाल मोहन मुंडा (40 ) शामिल है। पुलिस ने इस मामले में रविवार को दो हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी अनुसार शनिवार को सरहुल पर्व को लेकर गांव में खानपान चल रहा था। इस बीच मामूली से विवाद को लेकर मनामुंडा और रामप्रसाद लोहरा के बीच कहासुनी हो गई। इस पर गुस्से में आकर मनामुंडा ने टांगी से रामप्रसाद लोहरा पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह फरार हो गया। घटना से आक्रोशित रामप्रसाद लोहरा के पिता रूदन लोहरा अपने 3-4 सहयोगियों के साथ आरोपी मनामुंडा की खोज में जुट गए और उसे रात 8 बजे पकड़ कर घटनास्थल पर ले आए। रस्सी से बांधकर लाए गए मनामुंडा की रूदन लोहरा ने हत्या टांगी से वार कर कर दी। रुदन लोहरा ने लाठी डंडा से पीट-पीटकर लालमोहन मुंडा को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। मनामुंडा की मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया और शेष की तलाश में जुटी है। डीएसपी सीरिल मरांडी ने बताया कि नशे की हालत में मामूली से विवाद को लेकर यह घटना हुई है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। दो लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली गई है । शेष शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।