रांची।
रास्ता को लेकर हुए विवाद में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी की घटना में चार लोग घायल हो गए। मामला डोरंडा थाना क्षेत्र के मेकॉन कॉलोनी के सेटेलाइट गेट के समीप की है। घायलों की पहचान हिमांशु सिंह, विमलेश सिंह, कमलेश कुमार और संजय सिंह के रुप में की गई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को रास्ते को लेकर हुए विवाद में दो गुटों के बीच झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक गुट की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुॅचें पुलिस के वरीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मौके से गोली का सात खोखा बरामद किया है। वहीं दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
जानकारी अनुसार मेकॉन सेटेलाइट गेट के पास स्थित संजय स्वीट के मालिक संजय और वहां के स्थानीय निवासी चितरंजन, निर्भय व रवि रंजन नामक व्यक्तियों में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार की शाम को भी विवाद हुआ था। शनिवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं। चितरंजन, निर्भय और रवि रंजन पर गोलीबारी करने का आरोप है। चितरंजन, निर्भय और रवि रंजन का फिल्टर पानी का व्यवसाय है।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घर पर जमकर तोड़फोड़ की है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर लाठीचार्ज कर लोगों को भगाया। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। मौके पर कई थानों की पुलिस कैंप कर रही है। सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला रास्ता विवाद का प्रतीत होता है। जांच जारी हैं।


