हजारीबाग।
एसीबी की टीम ने मंगलवार को बरकट्ठा थाना के जमादार उपेंद्र सिंह को 50 हजार घूस लेते रंगे हाथ इंद्रपुरी चौक के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बरकट्ठा थाना में पदस्थापित जमादार एक केस डायरी में मदद को लेकर वादी त्रिलोकी साव से एक लाख घूस की मांग की थी। जानकारी अनुसार वादी त्रिलोकी साव ने इसकी शिकायत एसीबी कार्यालय, हजारीबाग से की। जांच करने पर एसीबी को घूस मांगने की बात सामने आई थी। इस पर योजनानुसार वादी ने जमादार को इंद्रपुरी चौक, हजारीबाग में पैसे देने की बात कर बुलाया। बुलावे पर पहुंचे जमादार ने इंद्रपुरी चौक के पास वादी से 50 हजार रूपए ले लिया। इस पर एसीबी के डीएसपी मदन पासवान के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जमादार को घेरकर पकड़ लिया। वहां से जमादार को एसीबी कार्यालय लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।


