कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में शनिवार को पहले चरण के विधानसभा चुनाव में पांच जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर 80 फीसदी के करीब वोटिंग हुई है। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान चला। चुनाव आयोग की ओर से शाम पांच बजे तक पूरे राज्य में 79.79 फ़ीसदी वोटिंग होने की जानकारी दी गई है। मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा है,
आयोग की ओर से जारी बयान में बताया गया है की झाड़ग्राम में 80.55 फ़ीसदी वोटिंग, पश्चिम मेदिनीपुर में 80.16 फ़ीसदी और पूर्व मेदिनीपुर में 82.42 फ़ीसदी वोटिंग हुई है। पुरुलिया में 77.13 फ़ीसदी वोटिंग हुई है। सबसे अधिक वोटिंग बांकुड़ा के सालतोड़ा विधानसभा में हुई है। यहां शाम पांच बजे तक 85.25 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकी पूर्व मेदिनीपुर के खेजूरी में 84.43 फ़ीसदी व दक्षिण कांथी में 83.76 फीसदी लोगों ने मतदान किया।
मतदान को लेकर सुबह से ही कई इलाकों में हिंसा की खबरें भी मिली। सालबनी में संयुक्त मोर्चा उम्मीदवार सुशान्त घोष को घेरकर तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने नारेबाजी की। उन पर हमले की कोशिश भी हुई। वहीं कांथी इलाके में शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की गई।
कुछ मतदान केंद्रों के अंदर सेल्फ हेल्प ग्रुप के नाम पर महिलाएं घुसकर कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ वोटिंग के लिए लोगों को उकसा रही थीं। कई जगहों पर तृणमूल कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगा तो कुछ जगहों पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भी बूथ को जाम करने के आरोप लगे।
पुरुलिया से तृणमूल उम्मीदवार का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह भाजपा कार्यकर्ता को गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। इस पर चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब की है। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का भी एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने नंदीग्राम के स्थानीय भाजपा नेता को फोन कर जीतने में मदद करने की गुहार लगाई है।


